Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने जिले में बिना वैध फिटनेस और परमिट वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत जुलाई के प्रथम सप्ताह विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस और परमिट का शत-प्रतिशत नवीनीकरण सुनिश्चित करना है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रमेश चौबे ने बताया कि जिन स्कूल वाहनों की फिटनेस या परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसे 8 स्कूल वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) निलंबित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल वाहन स्वामियों से तत्काल फिटनेस और परमिट का नवीनीकरण कराने की अपील की है। वहीं विद्यालय संचालकों और प्रधानाचार्यों से कहा गया है कि बिना वैध दस्तावेज वाले किसी भी वाहन का संचालन न होने दें। विभाग ने अभिभावकों से भी केवल वैध फिटनेस, परमिट और आवश्यक दस्तावेज वाले स्कूल वाहनों से ही बच्चों को भेजने की अपील की है।



