Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव से गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता पदम सिंह जाटव ने उनके कैंप कार्यालय पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जिले की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में पदम सिंह जाटव ने गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए स्थानीय लोगों की समस्याओं से शिवपाल सिंह यादव को अवगत कराया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा की।
शिवपाल सिंह यादव ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता को जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
मुलाकात के बाद पदम सिंह जाटव ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन के अनुरूप संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा तथा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ जनता के बीच रहकर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।


