हापुड़। थाना हाफिजपुर से महज चंद कदम की दूरी पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के नियमों को ताक पर रखकर हाईवे किनारे अवैध रूप से सबमर्सिबल पंप लगाया जा रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि इस गंभीर मामले की जानकारी न तो जिला पंचायत विभाग को है और न ही एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों को है। विभागीय अधिकारियों की इस बड़ी लापरवाही के चलते बिना किसी अनुमति के हाईवे किनारे धड़ल्ले से बोरिंग का काम चल रहा है।
हाफिजपुर थाने के बिल्कुल नजदीक मुख्य मार्ग पर चल रहे इस कार्य को देखकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं। सरकारी भूमि और विशेषकर नेशनल हाईवे के किनारे किसी भी प्रकार का निर्माण या बोरिंग करने के लिए संबंधित विभागों से कड़े नियमों के तहत अनुमति लेना अनिवार्य होता है। इसके बावजूद, अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहे इस खेल से सरकारी नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि प्रशासनिक मुस्तैदी का दावा करने वाले विभागों को अपने ही क्षेत्र में हो रहे इस अवैध कार्य की भनक तक नहीं है।
इस संबंध में जब जानकारी जुटाई गई तो सामने आया कि जिला पंचायत और एनएचएआई के अधिकारियों को इस संबंध में कोई लिखित या मौखिक सूचना नहीं है। अब देखना यह होगा कि मामला संज्ञान में आने के बाद क्या संबंधित विभाग इस अवैध सबमर्सिबल पंपिंग के काम पर कोई ठोस कार्रवाई करते हैं या फिर इसी तरह नियमों को दरकिनार कर हाईवे किनारे अवैध कब्जे और निर्माण का खेल चलता रहेगा।



