Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जिले में हरित वातावरण को बढ़ावा देने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। देहात क्षेत्र स्थित ततारपुर पुलिस चौकी परिसर में हुए इस अभियान में एसडीएम सदर इला प्रकाश, सीओ सिटी अनीता चौहान, देहात कोतवाल पारस मलिक समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल भी करें।
अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। इसी उद्देश्य से अभियान के तहत लोगों को पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से समाज में हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।


