हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित राजेंद्र नगर में एक निजी अल्ट्रासाउंड एवं डायग्नोस्टिक सेंटर पर गलत रिपोर्ट देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने डीएम कविता मीना से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित सेंटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 4 जुलाई को पेट में तेज दर्द होने पर वह रेलवे रोड स्थित हेल्थ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर पर जांच कराने पहुंचे। वहां उनका अल्ट्रासाउंड किया गया और बाद में एक्स-रे कराने की भी सलाह दी गई। आरोप है कि जांच रिपोर्ट में बताया गया कि उन्हें पथरी जैसी कोई समस्या नहीं है। रिपोर्ट पर भरोसा कर वह अगले दिन लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
पीड़ित का कहना है कि 5 जुलाई को यात्रा के दौरान दोबारा असहनीय दर्द शुरू हो गया। इसके बाद उन्होंने हापुड़ के ही एक अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जांच कराई, जहां रिपोर्ट में चार से पांच पथरी होने की पुष्टि हुई। इस पर उन्होंने पहले डायग्नोस्टिक सेंटर की रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें फर्जी और भ्रामक रिपोर्ट दी गई।
पीड़ित ने कहा कि यदि उनके साथ ऐसा हुआ है तो संभव है कि अन्य मरीज भी इस तरह की लापरवाही का शिकार हुए हों। उन्होंने डीएम से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज की जान जोखिम में न पड़े।
वही इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी किशोर आहूजा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है मामले की जांच कराई जा रही है जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।


