रिपोर्ट - लक्ष्मण सिंह (जिला प्रभारी, हापुड)
हापुड़। दिल्ली रोड स्तिथ इंदिरा गांधी मेमोरियल आईटीआई में शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे आईटीआई चलो अभियान पर चर्चा की गई।
प्रेसवार्ता में आईटीआई के चेयरमैन डॉ. बीएस तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाया जा रहा आईटीआई चलो अभियान मील का पत्थर साबित होगा। जिसका उद्देश्य आईटीआई का प्रचार प्रसार कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में जनसामान्य तक पहुँचकर आईटीआई के प्रवेश को गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया मिशन प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार के शीर्ष प्राथमिकता प्राप्त एजेंडे में सम्मिलित है और हम भारत को विश्व की कौशल राजधानी बनाना चाहते हैं। वहीं हमारी संस्था कौशल विकास मिशन में पूरे मनोयोग एंव जोरशोर से लगी हुई है और दूरस्थ स्थित ग्रामीण अचलों और शहरी बस्तियों में स्थित पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति जनजाति एंव अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को आईटीआई में प्रवेश देकर विकास की मुख्यधारा में जोड़ना चाहती हैं। इसमें सभी का सहयोग प्रार्थनीय है। उन्होंने कहा कि संस्थान में शत प्रतिशत प्रवेश कर सभी सीटों को भरने के साथ-साथ छात्राओं को अधिक से अधिक प्रवेश प्रदान करना हमारा लक्ष्य है। वहीं सभी पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कराना तथा उन्हें छात्रवृति दिलाना भी हमारे संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिन व्यवसायों में छात्रों के प्रवेश नहीं होते उनमें उनका प्रवेश करना तथा भूतपूर्व छात्रों को प्रवेश के लिए प्रेरित करना भी हमारी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संयुक्त रुप से आयोजित जनपद स्तरीय अप्रेंटिसशिप मेला 4 अक्टूबर को समस्त जनपदों के नोडल राजकीय आईटीआई परिसर में लगाया जा रहा है।


