Report by - Lakshman singh
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की दूसरी पारी में जनता से किए गए वादों पर अमल की तैयारी शुरू कर दी है। नई सरकार के गठन की तस्वीर साफ होने के बाद मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें चुनावी वादे के मुताबिक पीएम उज्ज्वला योजना की सभी पात्र लाभार्थियों को पहला मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर होली पर देने पर विचार हुआ है। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था भी की जाएगी। मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने की योजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम ने 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर कराने के लिए इस आयु वर्ग की महिलाओं का सर्वे करने का निर्देश दिया है। क्षेत्रीय प्रबंधकों से रिपोर्ट मांगी गई है कि उनकी बसों में रोजाना कितने यात्री सफर करते हैं? उनमें सीनियर सिटीजन महिलाओं की संख्या कितनी होती है? इस रिपोर्ट के आधार पर इसके लिए नियम तय किए जाएंगे। इसके तहत बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त सफर कराने के एवज में प्रति माह 99 रुपये देने होंगे। फिर, उस महीने में जितनी बार चाहे, बस सफर की सुविधा दी जा सकती है। बुजुर्ग महिलाएं साधारण बस ही नहीं, एसी सेवा में भी मुफ्त सफर की सुविधा पाएंगी।
पीएम उज्ज्वला योजना के समस्त लाभार्थियों को होली और दीपावली पर दो मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया गया है। हालांकि, अब ये साफ है कि सरकार का गठन होली के बाद होगा। ऐसे में शायद इस बार होली पर मुफ्त गैस सिलेंडर ना मिल पाए। वैसे, शासन ने इस वादे पर अमल की तत्काल तैयारी का निर्देश दिया है। शपथ-ग्रहण के बाद सीएम के निर्देश पर यह योजना शुरु हो जाएगी। प्रदेश में करीब 1 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी बताए गए हैं। इस पर करीब 1000 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
मेधावी छात्राओं को जल्द दी जाएगी स्कूटी
कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रानी लक्ष्मीबाई योजना के अंतर्गत मुफ्त स्कूटी वितरित करने का वादा भी भाजपा ने किया है। अब सरकार के गठन के बाद इसे भी लागू करना है।


