Banga Electronics

Kidszee

हापुड : पूरी निष्ठा व ईमानदारी से जनपद की जनता को उनका सही हक़ दिलाना पहली प्राथमिकता : डीएम मेधा रुपम


By- लक्ष्मण सिंह
हापुड़। पूरी निष्ठा व ईमानदारी से जनपद की जनता को उनका सही हक़ दिलाना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। जनपद के सभी अधिकारी सुबह 10 से 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में बैठकर लोगों की समस्या सुनेंगे और उनका शीघ्र निस्तारण करेंगे। वहीं जमीनों पर अवैध रुप से कब्ज़ा करने वाले भू-माफियाओं पर भी सख़्त से सख़्त कार्यवाही की जाएगी।
यह बातें मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में नवनियुक्त जिलाधिकारी मेधा रुपम ने पत्रकारों के समक्ष कहीं। उन्होंने कहा कि सुबह 10 से 12 तक अपने कार्यालयों से ग़ायब रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ़ भी सख़्त कार्यवाही की जाएगी। कार्यालयों में समय पर न पहुंचने पर अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। यदि फ़िर भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं सुधरेंगे तो उनके विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद से सभी सरकारी कार्यालय सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे। ताकि सभी की कार्यशैली पर नज़र रखी जा सके। वहीं जनपद के गांवो में महा चौपाल शुरु की जाएंगी। जिनमें सभी अधिकारी उपस्तिथ रहेंगे और महा चौपाल में ग्रामीण अपनी सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिनका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनपद में निरीक्षण सेल का गठन किया जाएगा। जिसके तहत जनपद के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को विभागों के निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएंगे और समस्याओं का निस्तारण कराया जायेगा। वहीं गढ़मुक्तेश्वर स्तिथ ब्रजघाट तीर्थ नगरी का विकास भी हमारी पहली प्राथमिकता से जुड़ा रहेगा।
इस मौके पर जिला मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा सिंह, अपर जिलाधिकारी श्रद्धा शांडिल्यायन, अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा व जिला सूचना अधिकारी रंजना शर्मा उपस्तिथ रही।