हापुड़। जनपद की गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र में मिले एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति के बाद भी जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है और ना ही कोरोना को लेकर बाजारों के लिए कोई गाइडलाइंस जारी की गई है, लोगों की भारी भीड़ बाकायदा बाजारों में मौजूद है जिसमें किसी भी व्यक्ति के चेहरे पर कोई मास्क नजर नहीं आ रहा है।
हालांकि जनपद में कोरोना का एक ही मरीज अभी तक सामने है किंतु इसके विपरीत जनपद से सटे दिल्ली तथा नोएडा में अचानक बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमितों की संख्या में वृद्धि देखी गयी है नोएडा में तो अनेक स्कूली बच्चें कोरोना की चपेट में हैं तथा दिल्ली में संक्रमित लोग एक हजार से अधिक पहुंच गए हैं जो चिंता का विषय है, जनपद के हज़ारों लोगों का इन दोनों ही स्थानों पर रोज आवागमन होता है जिस कारण कोविड संक्रमण को लेकर यहां खतरा बढ़ना निश्चित रूप से तय है, इसीके मद्देनजर जिलाधिकारी महोदय ने स्कूलों पर फोकस किया है छोटे बच्चों को कोरोना संक्रमित होने से बचाने के लिए स्कूलों में हेल्प डेस्क स्थपित करने, सामाजिक दूरी बनाने, मास्क का इस्तेमाल करने एंव इसके साथ ही छोटे बच्चों में टीकाकरण तेज करने के लिए आदेश दिये है।
मार्च 2020 से पूरे देश में फैले कोरोना संक्रमण का जनपद में भी कोरोना की तीनों ही लहरों में बड़ा असर देखने को मिला था जिसमें हज़ारों की सख्या में लोग संक्रमित हुए थे तथा बड़ी जनहानि देखने को मिली थी, आग लगाने के लिए छोटी चिंगारी बहुत होती है, इसलिए नगर पालिका एंवम स्वास्थ्य विभाग को सजग रहकर विशेष रूप से अभियान चलाना चाहिए क्योंकि इस मामले में बरती गई एक छोटी सी भूल जनपद में संक्रमण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए काफ़ी है।


