हापुड़ 31 अगस्त, 2022 आज जिलाधिकारी मेधा रूपम व मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में जिला विकास एवं खेलकूद प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न हुई।
*जिलाधिकारी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्रीड़ा अधिकारी को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को खेलों में उचित रूप से प्रशिक्षण देने के लिए संबंधित खेलों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाए ताकि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण प्राप्त हो सके और वह देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने जिला विकास एवं खेलकूद प्रोत्साहन समिति में आय बढ़ाने पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी स्विमिंग पूल व जिम के रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन पारदर्शिता के आधार पर कराए जाएं ताकि जिले के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता दी जा सके एवं जिले में खेल संबंधित कार्य किए जा सकें। जिलाधिकारी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्रीड़ा अधिकारी को कहा कि उनके द्वारा सभी खेल संघों व जिला विद्यालय निरीक्षक तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए विभिन्न खेलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए ताकि समस्त खेलों की चयन प्रक्रिया निष्पक्ष हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश के अनुरूप जनपद हापुड़ में प्रत्येक जिम एवं तरणताल के संचालन हेतु पंजीयन शुल्क जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति में जमा कराया जाए तथा शस्त्रों के लाइसेंस लेने वाले तथा जिला आबकारी अधिकारी द्वारा शराब लाइसेंस लेने वालों से 5 हजार रूपए की धनराशि समिति में जमा कराई जाए। बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी मधु अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला खेल समिति के सदस्य, खंड शिक्षा अधिकारी देशराज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


