हापुड के आर्य नगर निवासी छात्र गाजियाबाद में मंगलवार रात 14वीं मंजिल से कूद गया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उसकी मौके पर मौत हो गई। सुसाइड से पहले छात्र ने अपने इंस्टाग्राम पर "गुड बॉय लाइफ" का स्टेटस लगाया था।
परिजनों के मुताबिक, सोसाइटी में उसका कोई परिचित या सहपाठी नहीं रहता था। इतनी ऊंचाई से गिरने से उसके मोबाइल के 2 टुकड़े हो गए। इसलिए अब पुलिस छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल्स रिपोर्ट निकलवा रही है। इससे कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है।
हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे गाजियाबाद के कविनगर इलाके में स्थित लैंड क्राफ्ट की आशियाना सोसाइटी में हुआ। मृतक की पहचान हापुड़ के मोहल्ला आर्य नगर निवासी सुनील शर्मा के पुत्र 19 वर्षीय वरदान शर्मा के रूप में हुई। वरदान गाजियाबाद के हाईटेक कॉलेज में पॉलिटेक्निक का छात्र था। वरदान के पिता सुनील शर्मा की हापुड़ में गढ़ रोड पर चश्मे की दुकान है। शाम के वक्त वरदान अपनी इसी दुकान पर बैठा था। देर शाम साढ़े 7 बजे तक भी कुछ लोगों ने उसको हापुड़ में देखा था। इसके बाद परिजनों को बिना बताए गाजियाबाद पहुंच गया। रात में करीब 10 बजे परिजनों को वरदान के गाजियाबाद में सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत होने की खबर मिली।
कविनगर थाने के इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि इतनी ऊंचाई से गिरने की वजह से छात्र के मोबाइल के दो टुकड़े हो गए हैं। अभी तक की जांच में ये पता नही चल पाया है कि वरदान इस सोसाइटी में किससे मिलने के लिए आया था। CCTV में वो 14वें फ्लोर की लिफ्ट से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। इससे आशंका है कि उसने 14वें फ्लोर से कूदकर आत्महत्या की है। स्टेटस से दिया मौत का संकेत
चश्मे की दुकान करने वाले सुनील शर्मा के 2 बेटी और 1 बेटा था। बेटा गाजियाबाद के हाईटेक कॉलेज से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था और दोनों बेटियां हापुड़ में ही पढ़ रही हैं। पुलिस ने जब छात्र वरदान की इंस्टाग्राम प्रोफाइल चेक की तो उन्हें दोपहर में एक स्टेटस लगा मिला। इस पर "गुड बॉय लाइफ" लिखा हुआ था। संभवत: किसी ने ये बात वरदान के परिजनों को नहीं बताई, वरना उसे बचाया जा सकता था।



