Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ में 13 मई को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

-जनपद न्यायाधीश रविन्द्र कुमार प्रथम ने वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रिपोर्ट- लक्ष्मण सिंह
हापुड़। जनपद हापुड़ में जनपद न्यायाधीश रविन्द्र कुमार प्रथम के तत्वावधान में आगामी 13 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिसके चलते मंगलवार को जनपद न्यायाधीश रविन्द्र कुमार प्रथम ने जनपद में लोक अदालत का प्रचार प्रसार कराने के लिए वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष रविन्द्र कुमार प्रथम ने बताया कि आगामी 13 मई को सुबह 10 बजे से जनपद न्यायालय मुख्यालय, नगर पालिका हापुड़, वाह्य न्यायालय गढ़मुक्तेश्वर, ग्राम न्यायालय धौलाना, परिवार न्यायालय हापुड़, न्यायालय मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण कलेक्ट्रेट एवं जनपद की सभी तहसीलों आदि में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आपसी जुर्म संस्वीकृति के आधार पर लघु प्रकृति के फौजदारी वाद, एनआई एक्ट की धारा 138, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम वैवाहिक/परिवारिक वाद, दीवानी वाद, मोटर दुर्घटना, प्रतिकर वाद, विधुत अधिनियम से संबंधित वाद, श्रम वाद एवं भूमि अध्यापित वाद आदि सहित अन्य प्रकार के वादों का आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक इच्छुक वादकारी से आगामी 13 मई को लोक अदालत में अपने वाद निस्तारण कराने के लिए जनपद न्यायालय में संपर्क करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव प्रीति मोगा, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी डॉ. रीमा बंसल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।