हापुड़ : प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री धर्मपाल सिंह की पुत्री मानवी सिंह कांग्रेस में शामिल
-मानवी सिंह हापुड़ सदर नगर पालिका सीट से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित
रिपोर्ट - नवीन गौतम/ लक्ष्मण सिंह/अहमद सुहैल
हापुड़। प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री एवं बसपा से दो बार विधायक व नगर पालिका चेयरमैन रहे स्वर्गीय धर्मपाल सिंह की पुत्री मानवी सिंह रविवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं। कांग्रेस पार्टी ने मानवी सिंह को हापुड़ सदर नगर पालिका सीट से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है।
रेलवे रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी घोषणा की।
बता दें कि मानवी सिंह प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री स्वर्गीय धर्मपाल सिंह की पुत्री हैं। स्वर्गीय धर्मपाल सिंह हापुड़ सदर विधानसभा से दो बार विधायक व सदर नगर पालिका सीट से दो बार चेयरमैन रहे हैं। वहीं मानवी सिंह के भाई मनीष सिंह उर्फ मोनू पिछले नगर पालिका चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे। चुनाव में 29,050 मत पाकर वह दूसरे नंबर पर रहे, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रफ्फुल सारस्वत 29,740 मत पाकर विजयी हुए थे। इसके अलावा मानवी सिंह के भाई मनीष कुमार उर्फ़ मोनू वर्ष 2022 में बसपा से सदर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके है। जिन्हें 50 हजार से अधिक मत प्राप्त हुए थे। कांग्रेस प्रत्याशी मानवी सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें प्रत्याशी बनाया है, उस विश्वास को वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ क़ायम रखेंगी। वहीं नगर पालिका क्षेत्र की जनता की सेवा कर सदर नगर पालिका में नए आयाम स्थापित करने का हर संभव प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव व मंडल प्रभारी संजीव शर्मा, प्रदेश सचिव डॉ. शुऐब, प्रदेश महासचिव बदरुद्दीन कुरैशी, जिलाध्यक्ष मिथुन सुबोध त्यागी, शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल, खालिद मोहम्मद खान, कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा, विक्की शर्मा मौजूद रहे।