रिपोर्ट - नवीन गौतम/ लक्ष्मण सिंह
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में बीते 12 अप्रैल को हुई कलेक्शन एजेंट से 1.80 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जिनके कब्जे से एक लाख 63 हजार रुपए नकद, दो अवैध तमंचे, सैमसंग टेबलेट, मोबाइल फोन, अवैध चाकू तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी साहिल पुत्र सुधीर सिंह, शिवा पुत्र जगदीश, विपिन उर्फ टक्कल पुत्र नत्थी सिंह निवासीगण महमूदपुर हाफिजपुर तथा आकाश पुत्र पवन निवासी गांव लुखराणा बाबूगढ़ है। चारों ने कलेक्शन एजेंट के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
बता दें कि विपिन कुमार पुत्र अजब सिंह निवासी चांदसमंद थाना खतौली क्षेत्र मुजफ्फरनगर, सिंभावली क्षेत्र में स्थित एक फाइनेंस कंपनी में फील्ड स्टाफ में काम करता है जो कि 12 अप्रैल को भीकनपुर, ढकोली, बरकतपुर, खराड़ा से पैसे इकट्ठा कर सिम्भावली ब्रांच जा रहा था। मोटरसाइकिल पर सवार चारो बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भडंगपुर के बम्बे के पास तमंचे के बल पर लूट लिया और नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। बैग में 1.80 लाख रुपए नकद, पावर बैंक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, बायोमेट्रिक था। शनिवार को बाबूगढ़ पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया और चार आरोपियों को बीबी नगर रोड की पुलिया से गांव नूरपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए रुपयों में से 1.63 लाख रुपए बरामद किए हैं। इसी के साथ पुलिस ने मोबाइल फोन, टेबलेट, दो अवैध तमंचे, एक नाजायज चाकू, दो बाइक बरामद की हैं।


