रिपोर्ट- लक्ष्मण सिंह/मो0 हाशिम
हापुड़। जनपदीय साइबर सेल व थाना धौलाना की संयुक्त पुलिस टीम ने जेल में बंद कैदियों के परिवारजनों से फोन करके कैदी के गम्भीर चोट बताकर ब्लड बैंक से ब्लड खरीदने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर ठगों को गिरफ्तार है। इनके कब्जे से 2500 रुपये की नकदी, रेलवे टिकट व घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन व अधिवक्ताओं के नाम पता व मोबाइल नम्बर का डाटा बरामद किया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी सुमन कुमार सिंह व थाना धौलाना पुलिस टीम ने मधुर सक्सेना निवासी बदायूं व नितिन जौहरी निवासी बरेली नाम के शातिर ठगों को धोलाना तहसील के पास से गिरफ़्तार किया। पूछताछ में दोनों शातिर ठगों ने बताया कि वें ecourt website से उ.प्र व अन्य राज्यों के अधिवक्ताओं के नाम पता व मोबाइल नम्बरों की लिस्ट डाउनलोड करते थे तथा फिर उनसे बात कर उनके क्लाइंट (कैदी) को बैरक में पैर फिसलकर गंभीर चोट लगना बताते थे। इसके बाद उनसे कैदी के परिवारजनों का मोबाइल नम्बर लेकर उन्हें कॉल कर उनके जेल में बंद संबंधी का जेल की बैरक में पैर फिसलने से आई गंभीर चोट बताकर ब्लड बैंक से ब्लड खरीदने के नाम पर रुपए ट्रांसफर कराकर ठगी करते थे। इन ठगों द्वारा वर्तमान में जनपद हापुड़ में दो और पूर्व में अन्य जिलों में भी इस प्रकार की घटना को अंजाम देते हुए लाखों रुपए की ठगी की जा चुकी है। अभियुक्त मधुर सक्सेना पर चार मुकदमें दर्ज है। उपरोक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना धौलाना पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


