5 घंटे चला ऑपरेशन : नशे की लत छुड़ाने पर गुस्से में निगले सामान
हापुड़। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ नशे की लत से परेशान बुलंदशहर के एक 40 वर्षीय युवक के पेट से ऑपरेशन के दौरान 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और दो पेन सहित कुल 50 वस्तुएं निकाली गईं। युवक को असहनीय पेट दर्द के बाद अस्पताल लाया गया था। गाजियाबाद के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती सचिन (40) को जब पेट में तेज दर्द, उल्टी और कमजोरी महसूस हुई, तो परिजन उसे 17 सितंबर को हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल लेकर आए।
जांच रिपोर्ट देखकर डॉक्टरों के उड़े होश
अस्पताल में युवक का एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया गया। रिपोर्ट देखकर डॉक्टर हैरान रह गए, क्योंकि उनके पेट में धातु और प्लास्टिक की कई वस्तुएं फंसी नजर आईं।
दरअसल, सचिन नशे का आदी था और उसकी लत से परेशान होकर घरवाले उसे गाजियाबाद के नशा मुक्ति केंद्र में छोड़ आए थे। इस बात से गुस्से में आकर सचिन ने नशा मुक्ति केंद्र में रहते हुए लगभग एक महीने तक रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीज़ें निगलना शुरू कर दिया था।
5 घंटे चला जटिल ऑपरेशन
डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का फैसला लिया। डॉक्टर श्याम कुमार के नेतृत्व में 5 डॉक्टरों की टीम ने लगभग 5 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद युवक के पेट से सभी वस्तुएं सफलतापूर्वक बाहर निकाल लीं। टीम ने 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और दो नुकीले पेन समेत 50 चीजों को बाहर निकाला।
डॉक्टरों ने इस तरह की असामान्य हरकत के पीछे मानसिक बीमारी को कारण बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला 'पिका डिसऑर्डर' (Pica Disorder) या किसी गंभीर मानसिक विकार से जुड़ा हो सकता है, जिसमें व्यक्ति न खाने योग्य वस्तुएं निगलना शुरू कर देता है।
डॉक्टर श्याम कुमार ने बताया कि जांच के बाद सफल ऑपरेशन किया गया है और मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है। अस्पताल में 5 दिन भर्ती रहने के बाद युवक को 23 सितंबर को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है।


