Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ में पेपर ट्रेडर से लाखों की धोखाधड़ी, चेक बाउंस होने पर जान से मारने की धमकी

पेपर ट्रेडर से लाखों की धोखाधड़ी, चेक बाउंस होने पर जान से मारने की धमकी


हापुड़। जनपद हापुड़ के एक स्थानीय पेपर ट्रेडर ने हरिद्वार की एक फर्म के मालिक पर ₹10.50 लाख की धोखाधड़ी करने और भुगतान रोकने के बाद जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला
शिकायतकर्ता अमित कौशिक, पुत्र दयाचंद शर्मा, निवासी 473/1, कोठी सादक अली, स्वर्ग आश्रम रोड, हापुड़, ने बताया कि वह 'अमित ट्रेडर्स' नाम से पेपर ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। इसी व्यवसाय के चलते उनकी जानकारी वर्षों पूर्व सूरज शर्मा, पुत्र शंकर शर्मा (फर्म: क्लासिक इंटरप्राइजेज, बहादराबाद, सिडकुल, हरिद्वार) से हुई थी, जो स्वयं पेपर डीलर का कार्य करते हैं।
पुरानी घनिष्ठता का फायदा उठाते हुए सूरज शर्मा ने अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए अमित कौशिक से ₹10,50,000/- की मांग की थी और बदले में अधिकांश पेपर ट्रेडिंग उन्हीं को बेचने का आश्वासन दिया था। यह उधारी तीन माह के लिए थी, जिसके एवज में आरोपी ने दिनांक 23-06-2025 का चेक नंबर 101477 दिया था।

 चेक बाउंस और धमकी

शिकायत के अनुसार, जब आरोपी सूरज शर्मा नियत अवधि 27-05-2025 तक भुगतान नहीं कर पाया, तो अमित कौशिक ने पैसों के लिए दबाव बनाया। जून 2025 के पहले सप्ताह में, आरोपी ने 10-15 दिन में खाते में व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया और 23-06-2025 का चेक बैंक में लगाने को कहा।
नियत तिथि पर जब प्रार्थी ने चेक अपनी फर्म के करंट अकाउंट में लगाया, तो आरोपी ने बेईमानी की नीयत से स्वयं दिए गए चेक का भुगतान 'स्टॉप' (रोक) करा दिया।
पैसे क्यों रोके गए, यह पूछने पर आरोपी ने कथित तौर पर बदतमीजी, गाली-गलौज करते हुए अमित कौशिक को जान से मारने की धमकी दी। धमकी में कहा गया, "अपने पैसों को भूल जाओ, मैंने जानबूझकर पैसे मारने की नीयत से ही स्टॉप पेमेंट कराया है। अब समझो कि तुम्हारे पैसे डूब गए हैं।"

 जान का खतरा और मानसिक उत्पीड़न

अमित कौशिक ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी सूरज शर्मा अब रात में फोन और व्हाट्सएप कॉल करके उन्हें और उनके परिवारजनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी कथित तौर पर पुलिस के किसी जानकार व्यक्ति से अमित कौशिक की लोकेशन की जानकारी लेकर कहता है कि "मैं तुझे कहीं भी कभी भी मरवा सकता हूँ।"
पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी कई लोगों के पैसे इसी तरह हड़प चुका है और आपराधिक कृत्यों में जेल भी जा चुका है।
प्रार्थी अमित कौशिक ने एस.पी. हापुड़ से विपक्षी सूरज शर्मा के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।