Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ में 15 मार्च को ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी की अहम बैठक, संगठन मजबूती पर होगा मंथन


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 15 मार्च को प्रातः 10:30 बजे प्रदेश कार्यालय परिसर, कूचेसर रोड चौपला हापुड़ में किया जाएगा। यह बैठक पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की जा रही है, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बैठक में प्रदेश और जनपद स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने को लेकर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी योजनाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर बैठक में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ा जा सके।

कार्यक्रम के संयोजक सचिन गोयल प्रदेश सचिव, उत्तर प्रदेश रहेंगे, जबकि सह-संयोजक नरेंद्र शर्मा जिलाध्यक्ष, किसान प्रकोष्ठ, हापुड़ होंगे। इसके अलावा पंडित सुनील शर्मा इंचार्ज, प्रदेश कार्यालय कूचेसर रोड चौपला कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बताया जा रहा है कि इस बैठक के माध्यम से संगठन को नई दिशा देने और प्रदेश स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।