जानकारी के अनुसार मामला कोटला फूलगढ़ी मिल के सामने वाली गली में स्थित जे.पी. पब्लिक स्कूल का बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि उनका बच्चा पहली कक्षा में पढ़ता है और फीस जमा न होने की बात को लेकर स्कूल के प्रिंसिपल और उनके बेटे ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बच्चे को इतनी जोर से पीटा गया कि उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक जब बच्चा स्कूल से घर पहुंचा तो उसकी हालत देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा। इस दौरान स्कूल परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा और स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
स्थिति को गंभीर होते देख परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
उधर घायल छात्र को परिजन तुरंत डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर की सलाह पर बच्चे का एक्स-रे कराने की तैयारी की गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे को अंदरूनी चोट तो नहीं आई है। फिलहाल बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्कूल प्रबंधन पर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए, लेकिन फीस को लेकर इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर और निंदनीय है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों का कहना है कि यदि उनके बच्चे के साथ मारपीट की पुष्टि होती है तो वे स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।



