Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- चेकिंग के दौरान तीन अवैध हथियार सप्लायर गिरफ्तार, 3 पिस्टल व 4 कारतूस बरामद


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। ज़िलें में अपराध की रोकथाम और अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिम्भावली पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध हथियार सप्लाई करने वाले तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
गढ़ क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि थाना सिम्भावली पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे के पुल के नीचे से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान दिव्यांश पुत्र प्रवीन शर्मा, निवासी ग्राम हिंडालपुर थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़, विनीत उर्फ बिन्नी पुत्र अमरीश, निवासी ग्राम खटकी थाना परीक्षितगढ़, जनपद मेरठ और नितिन पुत्र सूरजपाल, निवासी ग्राम छिजारसी थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ के रूप में हुईं है।

पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए हथियार सप्लायर विनीत उर्फ बिन्नी ने बताया कि वह मेरठ निवासी रिहान बिल्लोरी से कम दामों में अवैध पिस्टल खरीदकर लाता था और उन्हें 35 से 40 हजार रुपये में बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था।

सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि विनीत उर्फ बिन्नी शातिर किस्म का अपराधी है। जिसके खिलाफ जनपद हापुड़ और मेरठ में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम समेत करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।