हापुड़। नगर के मोहल्ला लज्जापुरी में रविवार को बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब की जन्मजयंती बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में भारी संख्या में जुटे लोगों ने कांशीराम साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान "बाबा तेरी नेक कमाई, तूने सोती कौम जगाई" जैसे गगनभेदी नारों और गीतों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जतिन आजाद ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युगपुरुष थे। उन्होंने कहा, "मान्यवर कांशीराम साहब के बिना इस देश के बहुजन शिक्षित वर्ग को एक मंच पर लाना और उन्हें संगठित करना लगभग असंभव था। उन्होंने 'पे बैक टू सोसाइटी' का मंत्र देकर पढ़े-लिखे तबके को अपने समाज के प्रति जिम्मेदार बनाया।"
एडवोकेट ललित कुमार ने कांशीराम साहब के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने साइकिल पर चलकर गांव-गांव जाकर सोती हुई कौम को जगाने का काम किया। आज बहुजन समाज जिस राजनीतिक और सामाजिक चेतना का आनंद ले रहा है, उसकी नींव साहब ने ही रखी थी।
कार्यक्रम में मिशनरी गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कांशीराम साहब के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला। "बाबा तेरी नेक कमाई" श्लोक और गीतों ने उपस्थित जनसमूह में नया जोश भर दिया। स्थानीय युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर कार्यक्रम के आयोजन में हिस्सा लिया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।



