Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। ज़िलें में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बाबूगढ़ पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.35 लाख रुपये कीमत की 40 पेटी अवैध देशी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक डिजायर कार बरामद की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप ने बताया कि जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में बाबूगढ़ थाना पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि ग्राम शेखपुर से गौशाला की ओर जाने वाले मार्ग पर बाग के पास स्थित तिराहे पर पुलिस ने एक संदिग्ध डिजायर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई। मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान बाद में शराब तस्करों के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह पुत्र बिजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम भैसाखुर, थाना बीबीनगर, जनपद बुलन्दशहर तथा सोनू पुत्र स्वराज निवासी ग्राम लुखराड़ा, थाना बाबूगढ़, हापुड़ के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहे थे और इसे विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने की तैयारी में थे। बरामद शराब की कुल कीमत लगभग 1.35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप चौहान ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



