Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- ऑपरेशन स्माइल के तहत गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने चार वर्षीय मासूम को दो घंटे में सकुशल किया बरामद, परिजनों को सौंपा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। ज़िलें में चल रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने एक मिसाल पेश करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर गुमशुदा चार वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

 जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को ग्राम पलवाड़ा निवासी एक व्यक्ति घबराई हुई अवस्था में थाना गढ़मुक्तेश्वर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी कि उसका चार वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम हरकत में आ गई। बिना समय गंवाए गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। क्षेत्र में सघन चेकिंग, आसपास के इलाकों में तलाश और संभावित स्थानों पर टीमों को लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक कुंवर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत इस मामले को प्राथमिकता दी गई। पुलिस की मुस्तैदी और सतत प्रयासों के चलते महज दो घंटे के भीतर बच्चे को मीरा की रेती क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।

बच्चे के सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। परिवार ने हापुड़ पुलिस का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से उनका बच्चा सुरक्षित वापस मिल सका।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि हापुड़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।