Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत हापुड़ में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रन फॉर एपावरमेंट वीमेन मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मैदान से हुई, जहां क्षेत्राधिकारी यातायात राहुल यादव ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। यह मैराथन रामलीला मैदान से अतरपुरा चौपला तक निकाली गई, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात राहुल यादव ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है कि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करें और समाज में आत्मनिर्भर बनें।
मैराथन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने नारी सशक्तिकरण के नारे लगाए और लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। मार्ग में उपस्थित नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है, और इसके लिए जन-जागरूकता बेहद आवश्यक है।



