Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। डीएम अभिषेक पांडेय के निर्देशन में सोमवार को नगर क्षेत्र के गढ़ रोड पर स्थित अटल पार्क, में “गौरैया की उड़ान टीम” द्वारा 6वीं से 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए गौरैया संरक्षण को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बच्चों को गौरैया के लिए कृत्रिम घर बनाना सिखाया गया, जिससे वे अपने घरों में इन्हें लगाकर विलुप्त होती गौरैया को बचाने में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने “गौरैया प्रहरी हस्ताक्षर अभियान” में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पिछले 8 वर्षों से गौरैया संरक्षण के लिए कार्य कर रही “गौरैया की उड़ान” टीम के प्रयासों से अब ये विद्यार्थी “गौरैया प्रहरी” के रूप में अपनी पहचान बनाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कार्यशाला का मार्गदर्शन करते हुए बच्चों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम ने अपने संबोधन में गौरैया के पर्यावरणीय महत्व को समझाते हुए बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने घरों में बनाए गए कृत्रिम घर अवश्य लगाएं।
यह कार्यशाला 22 मार्च से 26 मार्च तक प्रतिदिन लगभग 200 बच्चों के साथ आयोजित की जा रही है। दो दिनों में ही विभिन्न विद्यालयों—दीवान पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, एसएसबी इंटर कॉलेज, विजेंद्र इंटर कॉलेज, एकेपी इंटर कॉलेज, एलएन पब्लिक स्कूल, रामस्वरूप इंटर कॉलेज एवं कस्तूरबा बालिका विद्यालय से कुल 460 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में “गौरैया की उड़ान” टीम के सदस्य ठाकुर दिनेश सिंह, डॉ. रेणु देवी, प्रीति यादव, चारु यादव, शीतल सैनी, नीरव, भार्गव, वंश और लक्की उपस्थित रहे। मंच संचालन संजय शर्मा एवं अंजू आज़ाद द्वारा किया गया।



