Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ शातिर वाहन चोर गिरफ्तार


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना हापुड़ नगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने रामपुर रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरविन्द पुत्र देवीशरण, निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने हापुड़ और बुलन्दशहर से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। आरोपी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक जांच भी की जा रही है।