Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ में 5 अप्रैल से 5 मई तक लगेगा भीम मेला, 11 सदस्यीय समिति करेगी आयोजन


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। अम्बेडकर जन्मोत्सव भीम मेला समिति के पदाधिकारियों की एक बैठक समिति के संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट अनिल आज़ाद की अध्यक्षता में उनके आवास पर आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति पूर्व की भांति इस वर्ष भी रामलीला मैदान में 5 अप्रैल से 5 मई तक भीम मेले का आयोजन करेगी। साथ ही मेले के सफल संचालन के लिए 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किए जाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए एडवोकेट अनिल आज़ाद ने बताया कि समिति पूरी तरह अराजनैतिक होगी और इसके अंतर्गत सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनकी विचारधारा देश को आत्मनिर्भर बनाने तथा सभी को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान से अवगत कराने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है। भीम मेले के माध्यम से समाज में जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है।

एडवोकेट अनिल आज़ाद ने बताया कि वर्ष 1994 में समिति द्वारा पहली बार भीम मेले का आयोजन किया गया था। उस समय मेरठ मंडल के तत्कालीन आईजी पुलिस नसीम साहब की प्रेरणा से यह आयोजन शुरू हुआ था। 14 अप्रैल 1994 को उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होकर अपने विचार भी रखे थे।

उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक और बैठक बुलाकर आयोजन के लिए कार्यवाहक कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जो मेले की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करेगी।

बैठक में वेद प्रकाश ठेकेदार, ललित कुमार, नरेंद्र कुमार, जयप्रकाश जाटव, पवन गौतम, रामकुमार वर्मा, पंकज, विजय वर्मा, विजयपाल गौतम, राजाराम जाटव, अरविंद जाटव, हरिप्रकाश, मुकेश वाल्मीकि सहित कई लोग मौजूद रहे।