Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, संविदा कर्मियों के मानदेय की मांग


Report By: Anuj Singh
हापुड़। मंगलवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान और संविदा कर्मियों के मानदेय की मांग को लेकर दिल्ली रोड स्थित विकास भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य विकास अधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर मजदूरों के बकाया भुगतान की मांग उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता विकास भवन पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा मजदूरों और संविदा कर्मियों का लंबे समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे गरीब मजदूरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग एक करोड़ मनरेगा मजदूरों का पिछले 75 दिनों से भुगतान लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब दो हजार करोड़ रुपये का मनरेगा भुगतान बकाया है। साथ ही योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों समेत लगभग 40 हजार संविदा कर्मियों को पिछले आठ महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने होली से पहले ही घोषणा की थी कि यदि जॉब कार्ड धारकों और कर्मचारियों का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को गरीब मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने सरकार को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मनरेगा मजदूरों और संविदा कर्मियों का भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व प्रदेश महासचिव विजय गोयल, अनुशासन समिति के चेयरमैन अरविंद शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी डॉ. वीसी शर्मा, पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, विधि प्रकोष्ठ जिला चेयरमैन रघुवीर सिंह, अमरनाथ शर्मा, नरेश भाटी, लाल बहादुर, रवींद्र गुर्जर, कपिल शर्मा, यशपाल ढीलौर, गौरव गर्ग, बिजेंद्र त्यागी, नफीस खां, सुरेंद्र सिंह, सुबोध शास्त्री, संजय छाबड़ा, कुसुम लता, लोकपाल सागर, खुशनूद, आदेश शर्मा, अब्दुल कलाम, अफजाल आढ़ती, देवेंद्र कुमार, दिव्यांशु चतुर्वेदी, सुखपाल गौतम, गोपाल भारती, महबूब समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।