Banga Electronics

Kidszee

बुलंदशहर : जुगाड़ नहीं निष्ठा, काम और धैर्य की कद्र हुई, अरसे बाद मिली ख़ुशी

बुलंदशहर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर गुलावठी में पार्टी से जुड़े पांच सक्रिय पदाधिकारियों को नामित सभासद बनाए जाने की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान और नगर के विकास को गति देने वाला निर्णय बताया है।
भाजपा की ओर से जिन पदाधिकारियों को नामित सभासद के रूप में मनोनीत किया गया है, उनमें संजीव कौशिक, अनुराग तोमर, उमा चौधरी, संजय बी. लाल तथा महेश वर्मा शामिल हैं। इन सभी को सभासद मनोनीत किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये सभी पदाधिकारी लंबे समय से संगठन और समाज सेवा से जुड़े हुए हैं तथा नगर की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में इनके सभासद बनने से नगर के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिन लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है, वे निश्चित रूप से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
नव-नामित सभासदों को विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारी संगठनों की ओर से भी शुभकामनाएं दी जा रही हैं और उनसे नगर के सर्वांगीण विकास में सक्रिय योगदान देने की अपेक्षा जताई गई है।