Banga Electronics

Kidszee

हापुड़: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 517 जोड़ों ने लिए सात फेरे, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। नगर के दिल्ली रोड स्थित एसएसवी कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए 517 जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में सदर विधायक विजय पाल आढ़ती और गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र तेवतिया ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और कहा कि सरकार की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संभव हो रहा है और समाज में सकारात्मक संदेश भी जा रहा है।

जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। सभी जोड़ों का पंजीकरण और सत्यापन के बाद विवाह की सभी व्यवस्थाएं प्रशासन की निगरानी में की गईं।

विवाह समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। प्रशासन की ओर से मंडप, पंडित, भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। साथ ही शासन की ओर से नवविवाहित जोड़ों को निर्धारित आर्थिक सहायता और उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नगर, सदर विधायक विजय पाल आढ़ती, गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।