Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से देश की आम जनता, खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार, गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि ने आम लोगों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक स्थिति सामने आ रही है। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं, जबकि 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। तमिलनाडु में करीब 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं। वहीं पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि गुजरात के मोरबी क्षेत्र में लगभग 650 उद्योगों में से करीब 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे करीब एक लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार देशभर में इस आर्थिक संकट के कारण लगभग एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने की आशंका जताई जा रही है।
सीएम चौहान ने यह भी कहा कि भारत में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज के रास्ते आता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर भी ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की हालिया बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। साथ ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार से स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करने की भी मांग की गई।
इस दौरान नरेंद्र सोलंकी, जोगेंद्र दास, अरुण शर्मा, विनोद सैनी, ऋषिपाल सैनी, राजीव शर्मा, नीरज शर्मा, इमरान खान, मुस्लिम कुरैशी, सुरेंद्र चौधरी, उदयवी शर्मा, हीरा लाल, डॉ. शहजाद अब्बासी, टीकाराम उपाध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



