REPORT BY: NADEEM NAQVI
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव मोहम्मद रुस्तमपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर करीब सात महीने पहले दफनाए गए युवक खुर्शीद के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकाला गया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी राहिमा पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि खुर्शीद की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसे गोली मारकर हत्या की गई थी। उनका आरोप है कि घटना के समय खुर्शीद का शव घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था, जिससे उन्हें शुरू से ही हत्या की आशंका थी।
घटना के समय मामले को लेकर स्पष्टता न होने के कारण शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था, लेकिन बाद में परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम की निगरानी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को विधिवत पोस्टमार्टम के लिए भेजना जाएगा। जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
गढ़ सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मृतक की पत्नी राहिमा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



