Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। ज़िलें में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान शुरू किया है। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी रमेश कुमार चौबे और पीटीओ आशुतोष उपाध्याय के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत प्रवर्तन टीम बृहस्पतिवार से लगातार स्कूलों में पहुंचकर बसों और वैन का गहन निरीक्षण कर रही है।
अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित कराना है, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
अब तक अभियान के दौरान कुल 89 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है। जांच में कई वाहन नियमों के विपरीत पाए गए, जिस पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 9 वाहनों के चालान किए हैं, जबकि गंभीर खामियां मिलने पर 1 वाहन को सीज कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, चालक के लाइसेंस की वैधता, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



