Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी को तत्काल जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजना गया है।
ज्ञापन में जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार त्यागी उर्फ़ बिट्टू ने बताया कि श्रीकांत त्यागी देशभर में पार्टी संगठन के विस्तार और जनसंपर्क के लिए लगातार भ्रमण कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि श्रीकांत त्यागी ब्राह्मण, भूमिहार और त्यागी समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद कर रहे हैं, जिससे वे करोड़ों लोगों के बीच एक प्रभावशाली जननेता के रूप में उभरे हैं।
ज्ञापन में 10 मार्च 2026 की एक गंभीर घटना का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि गाजियाबाद से पूर्वांचल भ्रमण के दौरान उनके काफिले में शामिल एक निजी सुरक्षा कर्मी ने फोन पर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनकी हत्या की साजिश रची। इस वार्तालाप को वाहन चालक द्वारा रिकॉर्ड किए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद आरोपी सुरक्षा कर्मी फरार हो गया, जिसे बाद में नोएडा स्थित पार्टी कार्यालय पर पकड़ लिया गया।
पार्टी पदाधिकारियों का आरोप है कि इस गंभीर मामले में नोएडा पुलिस द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जनआक्रोश देखने को मिल सकता है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है।
अंत में राष्ट्रपति से मांग की गई है कि श्रीकांत त्यागी को केंद्रीय सुरक्षा बलों के माध्यम से तत्काल जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सामाजिक शांति बनी रहे।



