REPORT BY: NADEEM NAQVI
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज परिसर के भीतर एक प्रवक्ता का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी 55 वर्षीय रविंद्र तोमर के रूप में हुई है, जो कॉलेज में कृषि विज्ञान के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि सुबह कॉलेज खुलने के दौरान उनका शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस कॉलेज स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।



