Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा शनिवार से जनपद के नौ परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा के लिए पूरे जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
हापुड़ नगर और पिलखुवा क्षेत्र में बनाए गए नौ परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिनों में दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इस दौरान कुल 14,440 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकृत हैं।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों और जैमर से लैस किया गया है, ताकि मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से किसी भी प्रकार की नकल की संभावना को समाप्त किया जा सके। प्रत्येक केंद्र पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं, जहां से परीक्षा की निगरानी की जा रही है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र और एक कलम साथ लाना अनिवार्य किया गया है। जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जा रही है।
जिले में बनाए गए प्रमुख परीक्षा केंद्रों में आर्य कन्या पाठशाला, चौधरी ताराचंद इंटर कॉलेज, दीवान इंटर कॉलेज, एसएसवी इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज, श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, श्री चंडी विद्यालय पिलखुवा और मारवाड़ इंटर कॉलेज पिलखुवा शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



