Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मोदीनगर रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की टीम जेसीबी मशीन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
फ्लाईओवर के नीचे लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर दुकानों और ठेलों के माध्यम से अतिक्रमण कर रखा था, जिससे आए दिन यातायात प्रभावित होता था और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर पक्का निर्माण कर लिया था, जिससे सड़क और अधिक संकरी हो गई थी।
अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से किए गए निर्माण और कब्जों को हटवा दिया। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति न बने। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है।



