Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती की लिखित परीक्षा आज यानी शनिवार को जनपद हापुड़ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित कराई जाएगी, जहां हजारों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों और जैमर से लैस किया गया है। इसके अलावा पूरे परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जांच प्रक्रिया के बाद उन्हें समय पर परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिल सके।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।



