REPORT BY: NADEEM NAQVI
हापुड़। पिलखुवा में आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और जनता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा।प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन में देश को एकजुट रहने की बात कही है, जो कि एक गंभीर संकेत है। उन्होंने आशंका जताई कि देश पर कभी भी किसी प्रकार की आपदा आ सकती है, ऐसे में सरकार को पहले से तैयारी और जनता की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पहले नोटबंदी के समय देश की जनता को लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा किया था और अब हालात ऐसे हैं कि लोग गैस सिलेंडर के लिए भी परेशान होकर लाइन में लगने को मजबूर हैं। यह स्थिति आम जनता के लिए बेहद कष्टदायक है।
इसके साथ ही उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को केवल उद्घाटन ही करना था, तो इसके लिए 4 हजार सरकारी बसों को एकत्र करने की क्या आवश्यकता थी। उन्होंने इसे संसाधनों की बर्बादी बताते हुए कहा कि सरकार को दिखावे के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
सीएम चौहान ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि देश की वर्तमान स्थिति कहीं न कहीं आपातकाल जैसी प्रतीत हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि प्रधानमंत्री को केवल उद्घाटन कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बजाय देश की जनता की समस्याओं और जरूरतों पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।



