Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह निमेष के नेतृत्व में कल 28 मार्च को प्रदेश के सभी जिला अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष और कार्यकर्ता एकजुट होकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपेंगे।
यूनियन का आरोप है कि धमकी मिलने के छह दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन न तो मामले का खुलासा कर पाया है और न ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को कोई सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इसको लेकर संगठन में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह निमेष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत सिंह गुर्जर के निर्देश पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 28 मार्च को सुबह 10 बजे नोएडा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एकत्र होकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे।
संगठन का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि किसान समाज की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा है। ऐसे में सभी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है।



