Banga Electronics

Kidszee

हापुड़। सड़क पर 'सुरक्षा का रंग': अपना समाज संगठन के युवाओं ने रातों-रात खत्म किया हादसों का डर, पेंट किया स्पीड ब्रेकर



हापुड़। शहर के मोहल्ला लज्जापुरी में सामाजिक सरोकार की एक मिसाल देखने को मिली। यहाँ रात के अंधेरे में न दिखने वाले 'जंपर' (स्पीड ब्रेकर) के कारण हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए युवाओं की एक टीम ने जनहित में बड़ा कदम उठाया। एडवोकेट ललित कुमार व जतिन आज़ाद के नेतृत्व में अपना समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने जंपर को चमकीले पीले और काले रंगों से पेंट किया, ताकि रात्रि में वाहन चालकों को यह दूर से ही नजर आ सके। संगठन के पदाधिकारी जतिन आज़ाद ने बताया कि स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार ने टीम को जानकारी दी थी कि स्पीड ब्रेकर दिखाई न देने की वजह से अक्सर दोपहिया वाहन चालक यहाँ असंतुलित होकर गिर जाते थे। कई लोग इस कारण चोटिल भी हो चुके थे। प्रशासन के इंतजार के बजाय युवाओं ने खुद जिम्मेदारी उठाने का फैसला लिया और रातों-रात मौके पर पहुंचकर पेंट का काम पूरा किया। एडवोकेट ललित कुमार ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना ही सबसे बड़ी सेवा है। छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े हादसों को रोका जा सकता है। इस कार्य से अब मोहल्ले वासियों और यहाँ से गुजरने वाले राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने युवाओं के इस निस्वार्थ कार्य की जमकर सराहना की है। इस अवसर पर टीम के अन्य सदस्य और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।