Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दादरी में प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर हापुड़ जनपद में सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी संगठन गांव-गांव और शहर-शहर तक सक्रिय नजर आ रहा है, वहीं कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर उर्फ बब्लू गुर्जर ने नगर के बुलंदशहर रोड पर स्थित जिला कार्यालय पर एक प्रेसवार्ता आयोजित कर तैयारियों का खाका पेश किया। उन्होंने बताया कि 29 मार्च को ग्रेटर नोएडा के दादरी में होने वाली इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए हापुड़ से बड़े स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाध्यक्ष के अनुसार, रैली में भाग लेने के लिए जिले से करीब 50 प्राइवेट बसों की व्यवस्था की गई है, जिनके माध्यम से हजारों कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 450 कारों का काफिला भी दादरी की ओर रवाना होगा, जिसमें पार्टी पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
उन्होंने दावा किया कि हापुड़ जनपद से हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ता रैली में भाग लेकर पार्टी की मजबूती और जनाधार का प्रदर्शन करेंगे। रैली में शामिल होने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
आनंद गुर्जर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ रैली को सफल बनाने में जुटे हैं। यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन भी होगी।
उन्होंने आगे कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह रैली बेहद अहम मानी जा रही है, जहां से पार्टी अपनी रणनीति को धार देगी और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगी। दादरी की यह जनसभा प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देने का काम करेगी।



