Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जनपद के थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत असौड़ा स्थित एक गैस एजेंसी पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिला। सिलेंडर की कमी से परेशान लोगों ने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी सिलेंडर वितरण नहीं किया गया। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। का आरोप है कि गैस सिलेंडर का मैसेज आने के बावजूद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
इसी दौरान एक महिला उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। विवाद बढ़ने पर महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी पर अक्सर गैस सिलेंडर की किल्लत बनी रहती है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



