Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। पुलिस ने मोहम्मद इबरत खान हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन और टीवीएस मोपेड बरामद की है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि 28 मार्च को थाना कपूरपुर क्षेत्र के ब्रजनाथपुर शुगर मिल रोड स्थित नहर किनारे एक व्यक्ति का शव मिला था। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान मोहम्मद इबरत खान पुत्र किशवर खां, निवासी ग्राम उरैना, थाना वजीरगंज (बदायूं) के रूप में हुई। इबरत खान वर्तमान में हापुड़ नगर के मजीदपुरा में कपड़ों की फेरी का काम करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक इबरत खान पहले आरोपी तैय्यब के साथ मिलकर कपड़ों का कारोबार करता था। करीब डेढ़ महीने पहले इबरत खान ने अलग होकर अपना खुद का काम शुरू कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी तैय्यब ने इबरत की हत्या की साजिश रची।
मौका पाकर तैय्यब ने इबरत को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तैय्यब पुत्र इब्बन खां को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल (32 बोर), एक जिंदा कारतूस, टीवीएस मोपेड और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इबरत खान के अलग कारोबार शुरू करने से उसका व्यापार प्रभावित हो गया था।
कई बार समझाने के बावजूद जब मृतक नहीं माना, तो गुस्से में आकर उसने हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस ने मामले का खुलासा कर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



