Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एसडीएम कार्यालय के पास मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक अधिवक्ता की पत्नी अपने परिजनों के साथ उसके चेंबर पर पहुंच गई। आरोप है कि उन्होंने चेंबर का ताला तोड़कर अंदर रखी फाइलें, किताबें व अन्य सामान सड़क पर फेंक दिया और जमकर तोड़फोड़ की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता अमन शर्मा ने थाना हापुड़ कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी पिंकी शर्मा, ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के साथ नगर पालिका परिसर स्थित उनके चेंबर नंबर-19 पर पहुंचीं। आरोप है कि सभी ने मिलकर चेंबर का ताला तोड़ा और अंदर रखी मुकदमों की महत्वपूर्ण फाइलें व किताबें फाड़ दीं, साथ ही फर्नीचर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
अधिवक्ता के अनुसार घटना के समय वह सत्र न्यायालय परिसर में अन्य कार्य से गए हुए थे। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अब उन्होंने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने इससे पहले 28 मार्च 2026 को अपनी पत्नी व उसके परिजनों के उत्पीड़न के संबंध में पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह घटना हुई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



