Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। किसान नेता राकेश टिकैत की उड़ीसा में गिरफ्तारी के विरोध में जनपद हापुड़ में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों के साथ हापुड़ नगर कोतवाली का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राकेश टिकैत को तत्काल सम्मानपूर्वक रिहा किया जाए। उनका कहना है कि किसान नेताओं के साथ इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कोतवाली पहुंचकर धरना शुरू कर दिया, जो देर शाम तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना जारी है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।



