Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी ने जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन, गैस संकट से लेकर कानून-व्यवस्था तक उठाए गए मुद्दे


Report By: Nadeem Naqvi 
 हापुड़। ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी, उत्तर प्रदेश द्वारा विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर देश के महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदेश में बढ़ती समस्याओं पर चिंता जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।

पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कई जनपदों, विशेषकर हापुड़ सहित अन्य जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है। गैस एजेंसियों के बाहर महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगने के बावजूद भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि गैस सर्विस संचालकों द्वारा उपभोक्ताओं को केवाईसी और आधार से संबंधित प्रक्रियाओं के नाम पर कई दिनों तक परेशान किया जा रहा है, जबकि इस पर सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इसके अलावा, प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है। हापुड़, मेरठ, बिजनौर, बरेली, बदायूं और हाथरस समेत कई जिलों में हत्या, लूट, बलात्कार और रंगदारी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में खराब स्वास्थ्य सेवाओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को भी प्रमुख समस्याओं के रूप में उठाया गया है। पार्टी का कहना है कि इन मुद्दों पर सरकार को तत्काल प्रभाव से कदम उठाने चाहिए।

शुगर मिलों द्वारा किसानों के गन्ना भुगतान में देरी को लेकर भी नाराजगी जताई गई है। 2025-26 सत्र समाप्त होने के बावजूद किसानों को उनका बकाया भुगतान नहीं मिला है, जिससे किसान और मजदूर वर्ग आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।

ज्ञापन में कानपुर और हापुड़ में हाल ही में हुई मौतों का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है। साथ ही, एनएच-9 और एनएच-24 पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों के कारण बढ़ती दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए परिवहन विभाग से सख्त कदम उठाने की मांग की गई है।

पार्टी पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति से अपील की है कि जनहित से जुड़े इन गंभीर मुद्दों का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

इस मौके पर पंडित गोपाल शर्मा प्रदेशाध्यक्ष, पंडित नरेश चंद शर्मा प्रदेश कानूनी सलाहकार, अब्दुला सेफ प्रदेश महासचिव, सुनील शर्मा प्रदेश कार्यालय इंचार्ज, सचिन गोयल प्रदेश सचिव, आबिद सेफी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष, मेरठ मंडल, नरेंद्र शर्मा जिलाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ, हापुड़, धर्मवीर कश्यप जिलाध्यक्ष अनुसूचित प्रकोष्ठ हापुड़ सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।