Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं टीबी मुक्त भारत अभियान 2026 के तहत जनपद हापुड़ के अर्बन एनपीएचसी चमरी में 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने शिविर की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शिविर में हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही निःशुल्क डिजिटल चेस्ट एक्स-रे किए गए। साथ ही लक्षण वाले व्यक्तियों की गहन स्क्रीनिंग कर बलगम जांच हेतु सैंपल भी एकत्र किए गए।
शिविर में चिन्हित मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, टीबी के प्रमुख लक्षणों में दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना, शाम को हल्का बुखार, रात में पसीना आना, वजन घटना एवं भूख कम लगना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराना आवश्यक है।
जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद को टीबी मुक्त बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास ऐसे लक्षण वाले लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच के लिए भेजें। कार्यक्रम में मनोज कुमार जिला पीएमडीटी कोऑर्डिनेटर एवं ब्रजेश कुमार एसटीएलएस का भी विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर उनके साथ अध्यक्ष पति श्रीपाल, वार्ड सदस्य विजय सिंह, महेश चंद, नितिन कुमार, अखिलेश एवं उस्मान प्रधान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि टीबी का पूरा इलाज सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है, इसलिए दवा का कोर्स बीच में न छोड़ें और चिकित्सकीय सलाह का पालन करें।



