Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- 191 नए आरक्षी औपचारिक रूप से पुलिस बल में हुए शामिल, कर्तव्यनिष्ठा की ली शपथ

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्रांतर्गत स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 191 नए आरक्षी औपचारिक रूप से हापुड़ पुलिस बल में शामिल हुए। दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. राजीव नारायण मिश्रा एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस गौतम बुद्ध नगर ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षु आरक्षियों की कड़ी मेहनत एवं अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। रिक्रूट आरक्षी ओम कुमार को ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं, प्रथम परेड कमांडर दीपक कुमार, द्वितीय परेड कमांडर अंशुल यादव और तृतीय परेड कमांडर हर्षित भदौरिया को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उपनिरीक्षक अध्यापक, आईटीआई और पीटीआई स्टाफ को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन लाइव प्रसारित किया गया, जिसे सभी प्रशिक्षु आरक्षियों ने ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहने का आह्वान किया।

समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सभी नव नियुक्त आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने गौरवपूर्ण मार्च पास्ट के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि आज का दिन आप सभी के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। आपने कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर पुलिस बल में अपनी जगह बनाई है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप ईमानदारी, निष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। आप सभी से अपेक्षा है कि आप जनसेवा के इस पवित्र दायित्व को पूरी लगन और समर्पण के साथ निभाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हापुड़ पुलिस सदैव आधुनिक तकनीक और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है, और नए आरक्षी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।