Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- ईख के खेत में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने पाया काबू

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चितौली में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रोड किनारे स्थित ईख के खेत में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि फसल को नुकसान जरूर पहुंचा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चितौली में सड़क किनारे स्थित ईख के खेत में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही निजामपुर बाईपास स्थित फायर स्टेशन से मोटर फायर इंजन मय स्टाफ तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हुआ।

मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने देखा कि ईख के खेत में तेजी से आग फैल रही थी। टीम ने बिना देर किए मोटर फायर इंजन के माध्यम से पंपिंग कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया।

आग की इस घटना में ग्राम निवासी पुष्पेंद्र पुत्र चतर सिंह एवं भूपेंद्र सिंह पुत्र चतर सिंह के लगभग 3-3 बीघा ईख के खेत को नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार, खेत में लगी पत्तियां जल गईं, जबकि लगभग एक बीघा क्षेत्र में खड़ी गन्ने की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग लगने से करीब 20 हज़ार रूपये का नुकसान बताया जा रहा है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। यदि थोड़ी भी देरी होती तो आग आसपास के खेतों में फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने किसानों से अपील कि है कि खेतों में सूखी पत्तियों या अवशेषों को जलाने से बचें और सतर्कता बरतें।